मधुबनी: जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा की संवेदनशील पहल एवं त्वरित संज्ञान से एक नवजात बच्ची को सुरक्षित संरक्षण उपलब्ध कराया गया है। बच्ची को आज बिस्फी प्रखंड अंतर्गत औसी थाना क्षेत्र के जीरो माइल के समीप से प्राप्त सूचना के आलोक में विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, मधुबनी लाया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने स्वयं केक काटकर बच्ची का हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया तथा उसके सुरक्षित भविष्य के प्रति अपनी संवेदनशीलता व्यक्त की।
विदित हो कि दिनांक को एक स्थानीय ग्रामीण द्वारा जिला पदाधिकारी को सूचना दी गई थी कि उक्त क्षेत्र में एक बच्ची को फेंक दिया गया है। सूचना प्राप्त होते ही जिला पदाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके उपरांत बच्ची को सुरक्षित संरक्षण प्रदान करते हुए विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, मधुबनी लाया गया, जहां उसकी देखभाल एवं संरक्षण की व्यवस्था की गई है।
जिला पदाधिकारी की इस मानवीय पहल से बच्ची के पुनर्वास तथा उसे एक स्थायी विधिक परिवार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। निर्धारित कानूनी प्रावधानों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी, ताकि बच्ची को सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य मिल सके।
जिला पदाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि किसी भी बच्चे को असहाय अवस्था में न छोड़ें। यदि किसी को कोई बच्चा परित्यक्त अथवा संकटग्रस्त अवस्था में मिलता है, तो इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन, पुलिस या बाल संरक्षण इकाई को दें, ताकि बच्चे को समय पर सुरक्षा एवं आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराई जा सके।


