दरभंगा:सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध प्रदीप कुमार ने बताया कि मद्यनिषेध टीम, दरभंगा द्वारा शुक्रवार की शाम अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान कमतौल थाना क्षेत्र के करजापट्टी में एक कार से भारी मात्रा में नेपाली देसी शराब बरामद की गई। कार से कुल 279 लीटर नेपाली देसी शराबबरामद हुई है।उन्होंने बताया कि मद्यनिषेध टीम को कार्रवाई के दौरान संदिग्ध कार दिखाई दी। टीम ने कार का पीछा करते हुए उसे रोकने का प्रयास किया।
इस दौरान कार चालक चलती गाड़ी से कूदकर फरार हो गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई।इसके बाद मद्यनिषेध टीम ने क्रेन की मदद से कार को बाहर निकलवाया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 279 लीटर नेपाली देसी शराब बरामद की गई। आवश्यक कार्रवाई के लिए कार एवं बरामद शराब को उत्पाद थाना सदर, दरभंगा लाया गया।सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध प्रदीप कुमार ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मद्यनिषेध कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


