Homeरूटीन खबरतालाब में डूबने से ममेरे-फुफेरे भाइयों की मौत, गांव में पसरा मातम

तालाब में डूबने से ममेरे-फुफेरे भाइयों की मौत, गांव में पसरा मातम

दरभंगा: बहेड़ा थाना क्षेत्र के बदरबन्ना गांव में रविवार को तालाब में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुहैद के पुत्र अबूतालीम (15) और मुमताज के पुत्र कमरुद्दीन (16) के रूप में हुई है। दोनों आपस में ममेरे-फुफेरे भाई थे।

जानकारी के अनुसार, रविवार को दोनों किशोर गांव के ही एक तालाब में नहाने गए थे। नहाने के दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल, बेनीपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई।

एक ही गांव के दो किशोरों की एक साथ मौत की खबर फैलते ही बदरबन्ना में चीख-पुकार मच गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचने लगे। कुछ देर पहले तक सामान्य दिनचर्या में व्यस्त गांव में अचानक मातम छा गया।

इस संबंध में बहेड़ा थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि दोनों किशोरों के परिजन शवों का पोस्टमॉर्टम कराने को तैयार नहीं थे। इसके बाद आपसी पंचनामा के आधार पर दोनों शवों को परिजनों को सौंप दिया गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments