Homeरूटीन खबररियाद एयरपोर्ट पर हूती हमले में घायल भारतीय की मौत, 12 अन्य...

रियाद एयरपोर्ट पर हूती हमले में घायल भारतीय की मौत, 12 अन्य घायल

रियाद: सऊदी अरब की राजधानी रियाद के एयरपोर्ट पर हूती विद्रोहियों के हमले में घायल एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारतीय नागरिक की मौत पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावास मृतक के परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगा। दूतावास ने भी पुष्टि की है कि वह परिवार के संपर्क में है और शव को जल्द भारत लाने में मदद करेगा।

इस बीच, रविवार को रियाद एयरपोर्ट पर एक बार फिर हमला हुआ। इस हमले में 12 भारतीय नागरिकों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सऊदी सेना के अनुसार, एयरपोर्ट पर एक मिसाइल या अन्य विस्फोटक हथियार गिरा, जिससे यात्रियों के एक हॉल में आग लग गई। सऊदी अधिकारियों ने इस घटना में कुछ लोगों के घायल होने की पुष्टि की है।

इससे पहले शनिवार को हुए हमले में 13 लोगों की मौत और 308 लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई थी। मृतकों में सऊदी अरब के चार, बांग्लादेश के दो और अमेरिका, जॉर्डन, फिलिस्तीन, सीरिया, सूडान तथा मिस्र के एक-एक नागरिक शामिल थे।

यमन के हूती विद्रोहियों ने रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमलों की जिम्मेदारी ली है। संगठन ने एयरलाइंस और यात्रियों को सऊदी अरब के हवाई अड्डों तथा हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल नहीं करने की चेतावनी दी है। हूती विद्रोहियों का कहना है कि यमन के गृहयुद्ध में सऊदी अरब की भूमिका के विरोध में ये हमले किए जा रहे हैं। संगठन ने भविष्य में भी सऊदी अरब के एयरपोर्ट को निशाना बनाने की धमकी दी है।

हमलों के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका हूती विद्रोहियों के खिलाफ कार्रवाई करने पर विचार कर रहा है। उन्होंने बताया कि हालिया हमले से जुड़ी जानकारी का आकलन करने के बाद फैसला लिया जाएगा। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने हमले की निंदा करते हुए एक अमेरिकी नागरिक की मौत की पुष्टि की है। ब्रिटेन ने भी सऊदी अरब को अतिरिक्त मदद देने की संभावना जताई है।

सऊदी अरब में बढ़ते हमलों के मद्देनजर कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस ने रियाद और देश के अन्य हवाई अड्डों के लिए अपनी उड़ानें रोक दी हैं। इनमें एयर इंडिया, फ्लाईदुबई, लुफ्थांसा ग्रुप और पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस शामिल हैं।

यूरोपीय संघ की विमानन सुरक्षा एजेंसी ने भी सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र को लेकर अपनी चेतावनी बढ़ा दी है। एजेंसी के मुताबिक, हूती विद्रोही सऊदी अरब के भीतर तक हमले करने में सक्षम हैं और अब उनके निशाने पर एयरपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण विमानन ठिकाने भी हैं।

भारत के विदेश मंत्रालय ने रविवार को रियाद एयरपोर्ट पर हुए मिसाइल हमले की निंदा की। मंत्रालय ने कहा कि आम नागरिकों और उनके इस्तेमाल वाली जगहों को बार-बार निशाना बनाना स्वीकार्य नहीं है। ऐसे हमलों को तत्काल रोका जाना चाहिए।

भारत ने सऊदी अरब की सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए वहां की सरकार और जनता के प्रति समर्थन जताया। साथ ही उम्मीद व्यक्त की कि क्षेत्र में जल्द शांति बहाल होगी।

19 सितंबर 2026: रियाद एयरपोर्ट के ईंधन भंडारण क्षेत्र के पास हमला हुआ था। इसके बाद वहां आग लग गई और काला धुआं उठता दिखाई दिया। हूती समूह ने रियाद के सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर हमले का दावा किया था।

7 अक्टूबर 2026: रियाद और आभा एयरपोर्ट को निशाना बनाकर किए गए हमलों में एक सूडानी नागरिक की मौत हो गई थी, जबकि आठ अन्य लोग घायल हुए थे।

8 अक्टूबर 2026: एयरपोर्ट पर दो अलग-अलग हमले हुए। इनमें एयरपोर्ट की सुविधाओं और सऊदी एयरलाइंस के खड़े एयरबस विमान को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई। इन घटनाओं में सऊदी पायलट कैप्टन हमूद अली अल-कलीसामी समेत तीन सऊदी नागरिकों की मौत होने का दावा किया गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments