सीतामढ़ी: आगामी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया के निर्देशानुसार रविवार को समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। अनुमंडल पदाधिकारी सीतामढ़ी सदर आनंद कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आपसी सौहार्द कायम रखने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
एसडीएम आनंद कुमार ने सभी पूजा समितियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पूजा पंडाल में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। साथ ही, अग्निशमन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने, हुड़दंग मचाने या कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीजे बजाने पर रोक, निर्धारित रूट से होगा विसर्जन
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सीतामढ़ी सदर-1 राजीव कुमार सिंह ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित मार्ग से ही किया जाएगा। विसर्जन जुलूस की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी, ताकि पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जा सके। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संवेदनशील स्थलों और विसर्जन घाटों पर रहेगी विशेष निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था के तहत संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। वहीं, प्रतिमा विसर्जन के दौरान घाटों पर एसडीआरएफ की टीम और पुलिस जवानों को तैनात रखने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
एसडीएम ने बिजली विभाग और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप पूजा पंडालों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। वहीं, नगर निगम को पर्व के दौरान शहर में साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया|
बैठक में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में नगर निगम की मेयर रौनक जहां परवेज, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, मेहसौल थानाध्यक्ष असदुल्लाह, परिहार के पूर्व जिला पार्षद प्रो. गौहर सिद्दीकी, अरमान अली, शाहीन परवीन, मौलाना जियाउर्रहमान कासमी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


